टोंक
मेहंदवास थाना पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक दिवसीय सघन अभियान चलाया। थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर 33 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
अभियान के तहत अवैध बजरी खनन के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया और एक चालक को हिरासत में लिया। साथ ही, अवैध हथकड़ शराब की बरामदगी कर एक आरोपी को पकड़ा गया।
इसी दौरान, आर्म्स एक्ट के तहत वांछित एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी पांच स्थायी वारंटियों को भी दबोच कर कोर्ट में पेश किया।
थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

