राजधानी लखनऊ के मोहनलागंज थाना क्षेत्र में एक किशोरी को बंधक बनाकर गैंगरेप का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि भाई-बहनों से झगड़े के बाद किशोरी नाराज होकर घर से निकली थी. इसके बाद नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवक उसे बहलाफुसला कर एक फैक्ट्री में ले गए और बंधक बनाकर कई दिनों तक गैंगरेप किया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
लखनऊ : मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से नौ दिन पहले भाई-बहनों से झगड़े के बाद घर से नाराज होकर निकली किशोरी को बहला फुसलाकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक निजी फैक्ट्री का मजदूर अपने साथ ले गया. इसके बाद अपने एक साथी के साथ मिलकर कई दिनों तक किशोरी को बंधक बनाकर गैंग रेप किया. होश में आने पर पीड़ित किशोरी ने आसपास के लोगों से मदद मांग कर बीते शनिवार को अपने घर पर सूचना दी. जिसके बाद मां की सूचना पर फैक्ट्री पहुंची पुलिस ने किशोरी को मुक्त कराया.
मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूर की पत्नी ने बताया कि उसकी बेटी (17) अपने भाई-बहन से झगड़ा करने के बाद 11 सितंबर को घर से चली गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कुछ भी पता न चलने पर 12 सितंबर को थाने पर लिखित शिकायत दी थी. पुलिस ने जांच की बात कहकर बिना मुकदमा दर्ज किए उसे चलता कर दिया था. 16 सितंबर को एक फोन आया और उसने बेटी के गोपालखेड़ा की एक फैक्ट्री में होने की बात कही. इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेटी को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया.

