जयपुर. प्रदेश में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के मतदान होने हैं. सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना पूरा जोर लगा रहे हैं. बुधवार को जयपुर के जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने भाजपा प्रत्याशी महेंद्रपाल मीणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक करने वाले आरोपियों को पाताल से खींचकर सलाखों के पीछे भेजेंगे.
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मैं गणपति प्लाजा में घुस गया था. वहां काला धन छुपाकर रखा गया था. मेरे पीछे-पीछे पुलिस पहुंच गई. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यहां पर कैसे आए, तो मैंने कहा था कि यहां पर काला धन और सोना है. लेकिन पुलिस ने धन निकालने से मना कर दिया. इसके बाद ईडी और इनकम टैक्स की टीमें मौके पर पहुंच गई. किरोड़ी लाल मीणा ने सीएम गहलोत पर तंज करते हुए कहा कि गहलोत साहब ने कहा था कि डॉ किरोडी लाल मीणा ईडी को बुला रहे हैं. एक फिल्म आई थी ‘चोर मचाए शोर’. उसी तरह यहां चोर शोर मचा रहे हैं.
पेपर लीक करने वालों को पाताल से भी निकाल कर जेल की सलाखों के पीछे भेजेंगे: किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि जिन-जिन ने राजस्थान को लूटा है, और जिन-जिन ने पेपर लीक किया है, उनको पाताल से भी निकाल कर जेल की सलाखों के पीछे भेजेंगे. उन्होंने सभी से भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि आप ज्यादा से ज्यादा सपोर्ट करके कमल खिलाएं.
ईआरसीपी योजना लागू करेंगे-महेंद्रपाल मीणा: जमवारामगढ़ विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी महेंद्रपाल मीणा ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा ने पगड़ी के रूप में प्यार और आशीर्वाद मेरे सिर पर रखा है. जमवारामगढ़ में विकास नाम की कोई चीज नहीं रही सड़कों में गड्ढे पड़े हुए हैं. जमवारामगढ़ पिछड़ा हुआ है. जमवारामगढ़ में पानी, सड़क, बिजली की काफी समस्या है. लोग बेरोजगार हैं. लोग परेशान होकर कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आ रहे हैं. हम वादा करते हैं कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार बनते ही समयबद्ध तरीके से ईआरसीपी योजना लागू करेंगे.

