किरोन पोलार्ड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली

pnpandey
Photo Credit - ICC
Photo Credit – ICC

किरोन पोलार्ड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली धुआंधार पारी, ड्वेन ब्रावो की घातक गेंदबाजी ने जिताया मैच

 July 2, 2021, 

वेस्टइंडीज (West Indies Cricket Team) ने ग्रेनाडा में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका (South Africa Cricket Team) को 21 रनों से हरा दिया है। इस तरह से ये सीरीज अब 2-2 से बराबर हो गई है। पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए, जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 9 विकेट खोकर 146 रन ही बना पाई। किरोन पोलार्ड को उनकी धुआंधार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बवुमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान वेस्टइंडीज की शुरूआत अच्छी नहीं रही। 13.3 ओवर में सिर्फ 89 रन तक आधी टीम पवेलियन में थी। टॉप ऑर्डर में लेंडल सिमंस के अलावा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। सिमंस ने 34 गेंद पर 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 47 रन बनाए। वहीं एविन लुईस 7, क्रिस गेल 5 और शिमरोन हेटमायर 7 रन ही बना सके। निकोलस पूरन ने 16 रन बनाए।

किरोन पोलार्ड ने 25 गेंद पर नाबाद 51 रन बनाए

आखिर में कप्तान किरोन पोलार्ड ने आकर पारी को गति प्रदान की। उन्होंने सिर्फ 25 गेंद पर 2 चौके और 5 छक्के की मदद से 51 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को 167 के स्कोर तक पहुंचा दिया। फेबियन एलेन 13 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी 27 गेंदों पर वेस्टइंडीज ने 66 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने 43 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 60 रन बनाए। हालांकि दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इसी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की तरफ से ड्वेन ब्रावो ने 4 ओवरों में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

Share This Article
Leave a Comment