कल बांसवाड़ा आएंगे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, GGTU के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
बांसवाड़ा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे सोमवार 12 अगस्त को एक दिवसीय प्रवास पर बांसवाड़ा पहुंचेंगे। जिला कलक्टर इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने उनके आगमन की तैयारियों और रूट मैप का निरीक्षण किया।
राज्यपाल का हेलीकॉप्टर सबसे पहले त्रिपुरा सुंदरी हेलीपैड पर उतरेगा, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे कॉलेज ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (GGTU) जाएंगे।
विश्वविद्यालय में आयोजित छठे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ATS-SOG के एडीजी वीके सिंह मौजूद रहेंगे। समारोह में 22 पीएचडी उपाधि प्राप्तकर्ताओं और 34 स्वर्ण पदक विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही राज्यपाल विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर शाम विश्वविद्यालय में रिहर्सल आयोजित की जाएगी।

