एसडीएम और तहसीलदार पर मारपीट का आरोप, घायल व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
परिजनों ने पुलिस पर दबाव बनाने का लगाया आरोप, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
टोंक (राज.)। टोंक जिले के पीपलू उपखंड क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पीपलू एसडीएम और तहसीलदार पर ग्रामीण से बेरहमी से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना में गंभीर रूप से घायल सोहेला निवासी कार चालक प्रकाश जाट को टोंक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रकाश जाट ने मीडिया को बताया कि वह गांव सोहेला के समीप मौजूद था, तभी पीपलू उपखंड अधिकारी और तहसीलदार ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा। आरोप है कि अधिकारी उसकी कोई बात सुने बिना ही उसे मारते रहे। जब पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने उसे उनके चंगुल से छुड़ाया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और बरोनी थाने पहुंचकर थाने का घेराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख पीपलू सीओ अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंचे। वहीं परिजनों ने पुलिस पर अधिकारियों को बचाने और पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
घटना के बाद से पीपलू एसडीएम, तहसीलदार, सीओ और थानाधिकारी मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। अब यह मामला प्रशासनिक कार्यशैली और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही असलियत सामने आ सकेगी कि दोषी कौन है और पीड़ित को न्याय मिलेगा या नहीं।

