आसन भूमि के दुरुपयोग और पुजारी के आचरण पर ग्रामीणों का फूटा गुस्साउपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग

pnpandey


आसींद (भीलवाड़ा)।
आसींद तहसील के ग्राम कटार और आसपास के 12 खेड़ा के ग्रामीणों ने ‘श्री आसण का स्थान देह’ की कृषि भूमि के कथित दुरुपयोग और वर्तमान पुजारी के अनुचित आचरण को लेकर उपखंड अधिकारी परमजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में पुजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कटार और मेछों का बाडिया में स्थित कृषि भूमि ‘श्री आसण का स्थान देह’ के नाम पर दर्ज है, जिसका संचालन श्री चौमुखा नाथ महादेव लादूवास ट्रस्ट, माण्डल (भीलवाड़ा) द्वारा किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान पुजारी गजूनाथ पुत्र नाथूनाथ भूमि का दुरुपयोग कर रहे हैं और आसण के धार्मिक कार्यों का सही ढंग से संचालन नहीं कर रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गजूनाथ ने न केवल कृषि भूमि का अनुचित उपयोग किया, बल्कि मंदिर परिसर में अनुशासनहीन गतिविधियाँ भी शुरू कर दी हैं। आरोप है कि पुजारी ने चरस, गांजा और आवारा पशुओं की खरीद-फरोख्त जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त होकर मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
इसके अलावा, ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी मंदिर में आने वाले भक्तों, यात्रियों और ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट तक करते हैं। इन सबके चलते ग्रामीणों ने पहले भी ट्रस्ट को पत्र लिखकर गजूनाथ को पद से हटाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुजारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि श्री आसण का स्थान देह की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मंदिर परिसर में शांति एवं श्रद्धा का वातावरण बहाल किया जा सके।
(संवाददाता — खबरें खटाखट, आसींद)

Share This Article
Leave a Comment