अजय झामरी हत्याकांड के 3आरोपी गिरफ्तार मुठभेड़ में तीनों के पैरो में लगी गोली
राजस्थान के भरतपुर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगने की खबर हैं. तीनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर अजय झामरी हत्याकांड में वांछित थे. जब उन्हें एक वाहन से दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था तब अपराधियों ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग करनी शुरू कर दी जिसमें पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाई जिसमें तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है. फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं.
राजस्थान के भरतपुर शहर के हीरादास चौराहा क्षेत्र में 27 अगस्त की शाम को हिस्ट्रीशीटर अजय झामरी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है. बीती रात पुलिस और आरोपियों के बीच में मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है. तीनों घायल आरोपियों को आरबीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अटलबंध थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि अजय झामरी हत्याकांड के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बीते मंगलवार को तीनों आरोपियों (तेजवीर, युवराज और बंटी) को उत्तराखंड के देहरादून से पकड़ लिया गया है. आरोपियों को पकड़कर भरतपुर लाया जा रहा था. उसी दौरान मंगलवार मध्य रात्रि 12 बजे उद्योग नगर थाना क्षेत्र के हनुमान तिराहे पर आरोपियों की शिफ्टिंग की जा रही थी. तभी आरोपियों ने पुलिस की पिस्टल छीन ली और फायरिंग कर दी. बदमाशों ने खुद एसएचओ मनीष शर्मा पर दो फायर किए. बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से एसएचओ सुरक्षित बच गए.
घायलएसएचओ मनीष शर्मा ने बताया कि बदमाशों की ओर से फायरिंग करने पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है. तीनों घायल आरोपियों को आरबीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. गौर है कि बीते 27 अगस्त को हीरादास चौराहे के पास आरोपी तेजवीर, युवराज और बंटी ने गोली मार कर हिस्ट्रीशीटर अजय झामरी की हत्या कर दी थी. घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही थी. वहीं दो दिन पहले मुख्य आरोपी तेजवीर की कांस्टेबल बहन रचना को आरोपी भाई की छुपने में मदद के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने निलंबित भी कर दिया था.

