बांसवाड़ा, 24 जून।
बांसवाड़ा शहर के श्यामपुरा क्षेत्र स्थित श्मशान घाट की भूमि एवं वहां से गुजरने वाले नाले के मार्ग को लेकर विवाद गहरा गया है। श्यामपुरा कॉलोनी के निवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि कुछ भू-माफिया एवं प्रभावशाली लोग सरकारी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से प्राकृतिक नाले का मार्ग बदलने का प्रयास कर रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया है कि केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थित श्यामपुरा कॉलोनी में वर्षों से श्मशान घाट के निकट से एक नाला गुजरता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले को उसके प्राकृतिक मार्ग के अनुसार पश्चिम दिशा में आगे बढ़ाकर बड़े प्राकृतिक कागदी नाले में मिलाया जाना चाहिए, लेकिन कुछ लोगों द्वारा उसे मोड़कर श्मशान घाट के पास की भूमि की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित भूमि राजकीय रिकॉर्ड में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है तथा श्मशान घाट के उपयोग में रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि नाले का मार्ग बदला गया तो भविष्य में श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण की संभावना बढ़ जाएगी और सार्वजनिक उपयोग की भूमि प्रभावित होगी।
ज्ञापन के साथ प्रस्तुत जमाबंदी प्रतिलिपि में संबंधित भूमि राजकीय खाते में दर्ज होने का दावा किया गया है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले को उसके मूल प्राकृतिक मार्ग पर ही निकाला जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर श्मशान घाट की भूमि को सुरक्षित रखा जाए।
स्थानीय निवासियों ने यह भी मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराया जाए तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मामले का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
श्यामपुरा कॉलोनी में श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण और नाले का मार्ग बदलने का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
Leave a Comment
Leave a Comment

