खाकी के नाम पर ‘स्पेशल टीम’ का खेल बंद, एसपी ने कसी लगाम

pnpandey

डीएसटी के अलावा किसी भी टीम के गठन पर रोक, बिना अनुमति थानों से पुलिसकर्मी बुलाने पर सख्त निर्देश
समाचार:
उदयपुर। जिले में पुलिस विभाग के भीतर अलग-अलग स्तर पर बनाई जा रही अनधिकृत स्पेशल टीमों पर अब रोक लगा दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर ने 13 मार्च 2026 को आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि जिले में जिला विशेष टीम (DST) के अलावा किसी भी अन्य प्रकार की स्पेशल टीम का गठन नहीं किया जाएगा।
जारी आदेश में कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय के स्थायी आदेश संख्या 17/2019 के तहत जिले में अपराधों की रोकथाम और सूचनाएं एकत्रित करने के लिए जिला विशेष टीम (DST) का गठन किया गया है। इसके बावजूद जानकारी मिली कि कुछ वृत्त एवं अन्य स्तरों पर अपने स्तर पर स्पेशल टीमों का गठन कर दिया गया है, जो विभागीय निर्देशों की अवहेलना है।
आदेश में यह भी सामने आया कि स्पेशल टीम के नाम पर कई स्थानों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों को बिना अनुमति बुलाकर उनसे कार्य कराया जा रहा है। इसे अनुचित बताते हुए एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि डीएसटी के अलावा किसी भी स्तर पर स्पेशल टीम का गठन नहीं किया जाए।
यदि कहीं इस प्रकार की टीमें गठित की गई हैं तो उन्हें तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यदि किसी पुलिसकर्मी को इस कार्य के लिए अन्य थानों से बुलाया गया है तो उसे तुरंत उसके मूल थाने में वापस भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय के स्थायी आदेश संख्या 17/2019 का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद पुलिस महकमे में अनधिकृत टीमों के गठन को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
(समाचार डेस्क)

Share This Article
Leave a Comment