चौमहला (झालावाड़) – शुक्रवार को पुलिस थाना परिसर में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर की अध्यक्षता में शांति समिति (सीएलजी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक जय प्रकाश अटल, गंगधार थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी, उन्हेल थाना प्रभारी राम करन सहित सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिक और व्यापार संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, कस्बों में अतिक्रमण, साइबर ठगी, गंगधार थाने में स्टाफ की कमी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
यातायात नियमों की पालना से बच सकती हैं दुर्घटनाएँ
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने कहा कि “मानव जीवन अमूल्य है, इसे सुरक्षित रखने के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।” उन्होंने बैठक के माध्यम से आमजन से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
बैठक में उठे ये प्रमुख मुद्दे
- भाजपा मंडल अध्यक्ष गोतम जैन और सरपंच प्रतिनिधि अशोक भंडारी ने चौमहला में ट्रैफिक पुलिस लगाने और थाने में रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की।
- किराना व्यापार संघ अध्यक्ष पवन पिछोलिया ने स्थानीय वाहन चालकों के लिए टोल फ्री सुविधा की मांग रखी।
- पिंकी डोसी ने नाबालिगों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने की समस्या पर चिंता व्यक्त की और इसके लिए विशेष समझाइश शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया।
- उन्हेल के सीएलजी सदस्यों ने कस्बे में महिला कांस्टेबल की नियुक्ति की मांग की, जिस पर एसपी ऋचा तोमर ने जल्द ही दो महिला कांस्टेबल लगाने का आश्वासन दिया।
हेलमेट वितरण से बढ़ेगी सुरक्षा
बैठक के बाद व्यापार संघ के सहयोग से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने स्वयं हेलमेट वितरित करते हुए सभी से सुरक्षा उपायों को अपनाने की अपील की।
इस बैठक के माध्यम से क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

