हनुमानगढ़ में दलित युवक का शव नग्न अवस्था में उसी के खेत में मिला है। मृतक युवक प्राइवेट वेटरनरी डॉक्टर था। युवक के परिजनों ने 3 नामजद सहित 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला भिरानी थाना इलाके के मलखेड़ा गांव का है।
भादरा डिप्टी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि सीताराम (55) पुत्र गणपत राम मेघवाल निवासी मलखेड़ा ने रिपोर्ट दी कि वह मलखेड़ा तहसील भादरा का रहने वाला है। कुलदीप (25) पुत्र आत्माराम मेघवाल उसका सगा भतीजा था। मृतक मलखेड़ा में ही काम करता था। 12 मार्च रात को घर से खाना खाकर बाइक लेकर गया था। 13 मार्च की सुबह तक घर वापस नहीं लौटा। युवक के घर वापस नहीं लौटने तक परिजनों ने उसकी तलाश की। तलाश करते-करते खेत में पहुंचे तो कुलदीप का शव नग्न अवस्था में पड़ा था।
परिजनों ने इस हत्या के पीछे ओमप्रकाश पुत्र गुलजारी जाट, महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश जाट, संजय पुत्र ओमप्रकाश जाट और एक अन्य व्यक्ति पर शक जताया है। पुलिस ने मृतक के चाचा की रिपोर्ट के आधार पर हत्या और एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिप्टी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि मृतक का शव भादरा के राजकीय अस्पताल में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी और सहमति में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

