बानसूर: पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, हाथों में खाली बर्तन लेकर जताया रोष

pnpandey
बानसूर: पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, हाथों में खाली बर्तन लेकर जताया रोष
बानसूर (कोटपुतली), 4 दिसंबर। बानसूर विधानसभा के नारायणपुर क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारायणपुर चांदपुरी के गांव श्यामपुरा में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सुरक्षा परिषद के प्रदेशाध्यक्ष नवीन शर्मा और पूर्व सरपंच शिवशंकर वर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने हाथों में खाली बर्तन लेकर जलदाय विभाग से पानी की पाइपलाइन बिछाने की मांग की।
दो वर्षों से इंतजार, नहीं हुई समस्या का समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत अधिकांश गांवों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और नल से पानी की आपूर्ति हो रही है। लेकिन धानका समाज की ढाणी में पिछले दो सालों से पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, जिसके कारण उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। मजबूरी में 800 रुपये तक खर्च कर टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जलदाय विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
महिलाओं ने जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने नारेबाजी की और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्दी नहीं हुआ, तो वे बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन करेंगी।
पूर्व सरपंच का बयान
पूर्व सरपंच शिवशंकर वर्मा ने कहा, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जल जीवन मिशन के तहत अन्य गांवों को पानी की सुविधा मिल रही है, लेकिन श्यामपुरा की इस ढाणी को अनदेखा किया जा रहा है। प्रशासन को जल्द से जल्द पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करना चाहिए, अन्यथा ग्रामीण मजबूर होकर बड़े आंदोलन का रुख करेंगे।”
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि अगर सर्दियों में यह स्थिति है, तो गर्मी के मौसम में हालात और बदतर हो जाएंगे।
Share This Article
Leave a Comment