बांसवाड़ा गैंगरेप मामला: पुलिस ने निकाली आरोपियों की परेड, कार्रवाई से बढ़ा भरोसा

pnpandey


बांसवाड़ा। जिले में विवाहिता के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर मुख्य बाजार में परेड निकाली। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई स्थानों पर पुलिस कार्रवाई के समर्थन में ‘पुलिस जिंदाबाद’ के नारे सुनाई दिए।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में और डीएसपी गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में आरोपियों को सुरक्षा घेरा बनाकर बाजार से गुजारा गया। आरोपियों के चेहरों को ढक रखा गया था और उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था— “मुझसे गलती हुई, माफ कर दो।”
अधिकारियों ने बताया कि इस परेड का उद्देश्य लोगों में यह संदेश देना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होता है और पीड़ित परिवारों का हौसला बढ़ता है।
परेड के दौरान आमजन ने कहा कि कठोर कदम उठाए जाने से कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है और ऐसे अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलती है।

Share This Article
Leave a Comment