पिता ने नहीं दी पेंशन तो बेटा बन गया जान का दुश्मन
# प्रयागराज न्यूज़ डेक्स खबरें खटाखट सरकार से मिल रही पेंशन को देने से इंकार करने पर कलयुगी पुत्र वृद्ध 78 वर्षीय पिता सूर्य भान सिंह की जान का दुश्मन बन गया। बरामदे में सोते वक्त रिटायर्ड शिक्षक पिता की वह नुकीले औजार से गोंदकर हत्या कर दिया। बिस्तर पर सो रहे पिता का बेरहमी से खून करने के बाद वह दबे पांव घर से भाग निकला। सोमवार सुबह खून से लथपथ वृद्ध की बॉडी को देखकर परिवार के लोग सन्नाटे में आ गए। सुबह-सुबह रिटायर्ड शिक्षक के घर मातम की गूंज को सुनकर पड़ोसियों की भीड़ लग गई। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात को देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। लोगों के द्वारा कत्ल की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर पाते ही थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन और पूछताछ के बाद पुलिस के द्वारा फोरेंसिक और डॉक स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। गहन तफ्तीश के उपरांत उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। वृद्ध के छोटे बेटे नरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सुनील के जरिए भाई दुर्गेश प्रताप सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई। कत्ल की यह वारदात मऊआईमा थाना क्षेत्र स्थित सिसई सिपाह गांव में रविवार की देर रात हुई।

