रायसिंहनगर (श्री गंगानगर) – नगरपालिका कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों पक्षों की नाराजगी के चलते शहर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
पालिका कर्मचारियों का प्रदर्शन
पालिका कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नगरपालिका भवन से उपखंड कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इसके बाद मिनी सचिवालय के आगे धरना प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
हड़ताल से कार्य प्रभावित
पालिका कर्मचारियों की झाड़ू डाउन और पेन डाउन हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक कार्य ठप पड़े हैं। उनका कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो जिलेभर में हड़ताल को और व्यापक किया जाएगा।
व्यापारियों का धरना भी जारी
उधर, व्यापारियों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में सब्जी चौक पर धरना लगा रखा है। वे निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील कर रहे हैं।
पालिका कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका व्यापारियों से कोई सीधा विरोध नहीं है, बल्कि कुछ राजनीतिक तत्व माहौल खराब कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। शहर में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।

