शाहपुरा शाहपुरा-बनेड़ा सुरक्षित सीट से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के नामाकंन दाखिल करने के दौरान अपनी नामजदगी का परचा भरने के बाद भाजपा प्रत्याशी लालाराम बैरवा ने रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे निर्दलीय प्रत्याशी कैलाश मेघवाल को आज प्रणाम किया। यह गजब नजारा देखकर हर कोई यहां स्तब्ध रह गया। भाजपा प्रत्याशी के साथ सांसद सुभाष बहेड़िया व भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा भी यहां थे। लालाराम बैरवा नामाकंन दाखिल कर रहे थे तब तक निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कैलाश मेघवाल भी कक्ष में पहुंच गये थे। उनको अपनी बारी आने के इंतजार में रूकना पड़ा। यहां से फ्री होने पर सांसद बहेड़िया ने सबसे पहले कैलाश मेघवाल के पैर छु कर प्रणाम किया। बाद में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और अंत में भाजपा प्रत्याशी बैरवा ने। हालांकि अपना नामाकंन दाखिल करने की इंतजार कर रहे मेघवाल ने भाजपा प्रत्याशी को आर्शिवाद में प्रत्युत्तर में क्या कहा, कोई सुन नहीं पाया पर जाते जाते सुभाष बहेड़िया के लिए कहा कि आज सांसद की भूमिका में हो, तब मौजूद लौगों के हंसी फूट पड़ी। हम आपको यहां बता दें कि सांसद सुभाष बहेड़िया कैलाश मेघवाल को ही अपना राजनीतिक गुरू मानते है।



