ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कराते चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों का जलवा
अनुज ने जीता गोल्ड, मधुर ने सिल्वर पदक किया अपने नाम
नई दिल्ली, 6 अगस्त। राजधानी दिल्ली में चल रही ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कराते चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। वॉली मार्शल आर्ट अकैडमी – इंडिया की ओर से भाग ले रहे अनुज ठाकुर ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, वहीं सीनियर वर्ग में मधुर शर्मा ने जबरदस्त फॉर्म में रहकर रजत पदक पर कब्जा जमाया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कोच राकेश सिंह तोमर और सहायक कोच कमान सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे अनुशासन, लगन और कठिन प्रशिक्षण का परिणाम बताया।
यह जीत सिर्फ पदकों तक सीमित नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों की मेहनत, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण की मिसाल है।
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में राजस्थान के अन्य खिलाड़ी भी मैट पर उतरेंगे और उम्मीद है कि वे भी पदक तालिका में राज्य का नाम ऊंचा करेंगे।

