आस्वामित्व योजनान्तर्गत पट्टे मय स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्चुअली 65 लाख प्रोपर्टी कार्ड का किया वितरण

pnpandey

झालावाड़ 18 जनवरी। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को स्वामित्व योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थियों को पट्टे मय स्वामित्व कार्ड वितरण एवं लाभार्थी संवाद कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण राज्य के प्रत्येक जिले में किया गया। इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के लगभग 50 हजार गांवों में 65 लाख प्रोपर्टी कार्ड का वितरण किया गया एवं विभिन्न राज्यों के लाभार्थियों से संवाद किया गया। इस कार्यक्रम से प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उक्त कार्यक्रम के साथ राज्य के प्रत्येक जिले में स्वामित्व योजनान्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभारी मंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
झालावाड़ जिले में स्वामित्व योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थियों को पट्टे मय स्वामित्व कार्ड वितरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री एवं झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में मिनी सचिवालय झालावाड़ स्थित ऑडिटोरियम में किया गया।
प्रभारी मंत्री ने स्वामित्व योजनान्तर्गत वितरित किए पट्टे
जिला स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वामित्व के अधिकार की सोच को साकार करते हुए आज देश के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा स्वामित्व योजना के तहत एक साथ बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों को उनके आवासों के पट्टों का वितरण किया गया है। इससे उनके जीवन में बदलाव आएगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वहीं बैंकों से उन्हें ऋण भी आसानी से मिल सकेंगे। इस दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा स्वामित्व योजनान्तर्गत 50 पात्र लाभार्थियों को प्रतिकात्मक रूप से पट्टे मय स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत जिले में 5 हजार पात्र लाभार्थियों को उनके आवासों के पट्टों का वितरण कर उन्हें स्वामित्व का महत्वपूर्ण अधिकारी दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों को पट्टे नहीं मिले हैं वे भी अपनी ग्राम पंचायत में पट्टों के लिए आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के अन्त में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भु दयाल मीणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, मनोहर थाना विधायक गोविन्द रानी पुरिया, पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, उप वन संरक्षक सागर पंवार, नगर परिषद् के सभापति संजय शुक्ला, निवर्तमान जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, पंचायत समिति झालरापाटन की प्रधान भावना झाला, पंचायत समिति मनोहर थाना की प्रधान राम कन्या बाई, पूर्व उप जिला प्रमुख भाग चन्द दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण तथा स्वामित्व योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
—

Share This Article
Leave a Comment