अवैध खनन से हुकमपुरा त्रस्त, 13वें दिन भी जारी ग्रामीणों का आंदोलन

pnpandey

उदयपुरवाटी (झुंझुनूं)।
उदयपुरवाटी क्षेत्र के ग्राम हुकमपुरा में गोचर व श्मशान भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन 13वें दिन भी लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण टेंट लगाकर धरने पर डटे हुए हैं और प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से सटी पहाड़ियों में भारी मशीनों और विस्फोटकों के जरिए अवैध ब्लास्टिंग की जा रही है। इन धमाकों के कारण गांव के एक दर्जन से अधिक मकानों में दरारें आ गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। कई परिवारों को अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।
आंदोलनकारी किसानों ने बताया कि अवैध खनन और ब्लास्टिंग के चलते भूजल स्तर तेजी से गिरा है। कई स्थानों पर ट्यूबवेल की मोटरें टूट गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पानी की कमी के कारण फसलें सूखने की कगार पर हैं और पशुपालन भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन से उड़ती धूल और प्रदूषण के कारण गांव के कई लोग दमा, सांस और अन्य श्वसन रोगों की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पर खनन माफिया से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अवैध खनन बंद कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने को मजबूर होंगे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से गोचर व श्मशान भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ब्लास्टिंग पर रोक लगाने और हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment